पहाड़ी व्यंजनों को लेकर अयोध्या के लिए रवाना हुए राम भक्त
पंच प्रयागों के जल से होगा भगवान श्रीराम का जलाभिषेक
जिला मुख्यालय से विहिप, दुर्गा वाहिनी सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं का जत्था अयोध्या के लिए रवाना,
रुद्रप्रयाग। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन को लेकर जिला मुख्यालय से विश्व हिन्दू परिषद, दुर्गा वाहिनी, बजरंग दल एवं मातृ शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं का जत्था रवाना हुआ। महिलाओं की ओर से भगवान श्रीराम चन्द्र को पहाड़ी व्यंजनों को चढ़ाया जायेगा, जबकि युवा कार्यकर्ता पंच प्रयागों के पवित्र जल से श्रीराम का अभिषेक करेंगे।
बता दें कि अयोध्या में श्रीराम चन्द्र की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद से पूरा देश राममयी हो गया है। जगह-जगह से लोग श्रीराम के दर्शन करने को लेकर अयोध्या रवाना हो रहे हैं। बुधवार को रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहनी, बजरंग दल एवं मातृ शक्ति संगठन के कार्यकर्ताओं का दल अयोध्या के लिए रवाना हुआ। महिला कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के लिए पहाड़ी पकवान भी बनाए हैं, जिसमें रोट, अरसा का भोग वे श्रीराम को लगाएंगी। इसके अलावा युवा एवं बुजुर्ग कार्यकर्ता पंच प्रयागों से लाए जल से भगवान श्रीराम का जलाभिषेक करेंगे। 27 जनवरी को यह दल भगवान राम के दर्शन करेगा और 28 जनवरी को वापस आयेगा।
अयोध्या से प्रसाद स्वरूप भगवान राम का चित्र भक्तों के लिए लेकर आयेंगे। विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष भरत सिंह रावत ने बताया कि यह जत्था अयोध्या में श्रीराम चन्द्र के दर्शन के साथ ही पहाड़ी पकवान का भोग चढ़ाया जायेगा। युवा और बुजुर्ग कार्यकर्ताओं की ओर से भगवान श्रीराम के अभिषेक को लेकर पंच प्रयागों का जल लाया गया है, जिससे श्रीराम का अभिषेक किया जायेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद से पूरे देश में उत्साह का माहौल बना हुआ है। रुद्रप्रयाग जिला भी राममयी बना हुआ है। अयोध्या से भक्तों के लिए प्रसाद स्वरूप भगवान राम का चित्र लाए जायेंगे। इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष भरत सिंह रावत, अवधेष कप्रवाण, दशरथ बुटोला, राजपाल नेगी, गुड्डू, कमला देवी, रोशनी जगवाण, राजेश सेमवाल सहित 22 कार्यकर्ता मौजूद थे।