रविवार को बंद रहेगा अगस्त्यमुनि बाजार, बारबर, मेडिकल व भोजनालयों को मिली छूट
रुद्रप्रयाग। उद्योग व्यापार मण्डल अगस्त्यमुनि की बैठक में रविवार को बाजार की साप्ताहिक बन्दी पर सहमति बनी। मेडिकल दुकानों एवं भोजनालयों को साप्ताहिक बन्दी से छूट दी गई है, जबकि बारबर की दुकानें रविवार को खुली रहेंगी और मंगलवार को बन्द रहेंगी। स्थानीय रामलीला मैदान में व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन बिष्ट की अध्यक्षता में संपंन बैठक में साप्ताहिक बन्दी पर गहन चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। विश्व व्यापी कोविड महामारी के कारण पिछले दो वर्षों से व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। अब जब धीरे-धीरे स्थितियां सुधरने लगी हैं तो व्यापार भी पटरी पर आने लगा है। ऐसे में व्यापारियों ने स्वयं ही साप्ताहिक बन्दी का निर्णय लिया है। व्यापार संघ ने भी व्यापारियों की इस भावना का आदर करते हुए इस संबंध में सभी व्यापारियों से राय ली थी, जिसमें 90 प्रतिशत व्यापारियों ने रविवार बन्दी पर सहमति जताई। व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन बिष्ट ने साप्ताहिक बन्दी को लेकर सभी व्यापारियों से सहयोग की अपील की है। कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सबका एकजुट होना आवश्यक है। यदि हम बिखरे रहेंगे तो हर कोई हमें दबाने लगेगा। बैठक में साप्ताहिक बन्दी न करने वाले व्यापारियों पर पहली बार में एक हजार रूपए, दूसरी बार में दो हजार रूपए का अर्थदण्ड लगाने का निर्णय लिया गया। फिर भी न मानने पर उक्त व्यापारी की शिकायत श्रम विभाग में की जायेगी। जिसके बाद की कार्यवाही के लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा। यही नहीं साप्ताहिक बन्दी के दिन फेरी वालों पर सख्ती करते हुए चेकिंग अभियान चलाकर अवैध फेरी वालों से अर्थदण्ड वसूला जायेगा। व्यापार मण्डल के अन्तर्गत खुले नये प्रतिष्ठानों का भी पंजीकरण कराते हुए उन्हें सदस्यता दी जायेगी।
