गौरीकुंड। विकासखंड ऊखीमठ के सीमांत ग्राम पंचायत त्रियुगीनारायण में वामन द्वादशी पर्व से पूर्व पौराणिक परंपरा के अनुसार धुर्वा अष्टमी के अवसर पर हरियाली पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने घरों में उगाई गई जौ की हरियाली को भगवान विष्णु के चरणों में अर्पित किया और एक-दूसरे को भेंट कर आशीर्वाद लिया।
हरियाली पर्व के लिए ग्रामीण महिलाओं ने सात दिन पूर्व अपने घरों में जौ की हरियाली उगाई थी। पर्व के दिन वेद मंत्रोच्चार के साथ हरियाली को त्रियुगीनारायण मंदिर में लाया गया। मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से हरियाली का पूजन कराया और सबसे पहले भगवान विष्णु को अर्पित किया। इसके बाद ग्रामीण हरियाली को गांव के प्रत्येक घर में ले गए और बुजुर्गों को भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि त्रियुगीनारायण में यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। वामन द्वादशी मेले में भी हरियाली का प्रसाद यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान रुचि देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुमन देवी, महिला मंगलदल अध्यक्ष आरती देवी, मठापति परशुराम गैरोला, तीर्थपुरोहित समिति अध्यक्ष सच्चिदानंद पंचपुरी, वामन द्वादशी मेला समिति अध्यक्ष दिवाकर गैरोला, मित्रानंद भट्ट, राजेश भट्ट, भक्त दर्शन सेमवाल, अमन गैरोला, सर्वेशानंद भट्ट, विजय प्रसाद घिल्डियाल, अंकित गैरोला, सूर्य प्रसाद सेमवाल, कैलाश चंद्र गैरोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

