मरीजों से जाना स्वास्थ्य सेवाओं का हाल, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन में लापरवाही न बरतने के निर्देश,
रुद्रप्रयाग। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों और स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण करने के साथ भर्ती मरीजों और तीमारदारों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
सीएमओ ने जन औषधि केंद्र, प्रयोगशाला, ऑपरेशन थिएटर, टीकाकरण कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का निरीक्षण किया। उन्होंने जन औषधि केंद्र में उपलब्ध दवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक दवाएं और जांच सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध कराई जाएं।
प्रयोगशाला के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जांच व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण करते हुए संक्रमण नियंत्रण, स्वच्छता और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सीएमओ ने अस्पताल से निकलने वाले बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन को लेकर भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट का निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल के अनुसार पृथक्करण, संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को इसके सुरक्षित प्रबंधन के प्रति विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान टीकाकरण कक्ष की व्यवस्थाएं अपेक्षाकृत असंतोषजनक मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा कक्ष को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण के लिए आने वाले बच्चों और अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा पूरी प्रक्रिया सुरक्षित और सुचारु ढंग से संचालित की जाए।
सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी अक्षिता ममगाईं, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप रावत सहित अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

