ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत जामू में ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कांबोज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। ग्रामीणों ने फाटा-जामू मोटर मार्ग पर नालियों का निर्माण कराने, मार्ग के किनारे झाड़ियों का कटान करने तथा क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की।
तहसीलदार निशांत कांबोज ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान ग्रामीणों को राज्य सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, पंजीकरण प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई।
‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला।

