सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने समयबद्ध समाधान का दिया भरोसा,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत स्यासु में गुरुवार को ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र महेश प्रकाश ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही बंदरों और जंगली सूअरों के आतंक से कृषि भूमि एवं फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी गई। ग्रामीणों ने समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों से प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
महाप्रबंधक महेश प्रकाश ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतें प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महेश प्रकाश ने उद्योग विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं स्वरोजगारपरक योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही ग्रामीणों से पात्रतानुसार सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

