रुद्रप्रयाग। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर आयोजित मेले में विभिन्न नियोजक कंपनियों ने प्रतिभाग कर युवाओं को उपलब्ध रोजगार अवसरों, रिक्त पदों, कार्यक्षेत्र और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चमोली ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 121 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न चरणों की चयन प्रक्रिया के बाद 12 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जबकि 26 अभ्यर्थियों को अंतिम चयन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता और उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप चयन प्रक्रिया पूरी की।
मेले के दौरान सेवायोजन विभाग एवं नियोजक संस्थाओं की ओर से युवाओं को वृत्तिक परामर्श और रोजगार मार्गदर्शन भी दिया गया। युवाओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से रोजगार की संभावनाओं, कार्यक्षेत्र और चयन प्रक्रिया को लेकर संवाद किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा देश के राष्ट्र निर्माता हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
रोजगार मेले के माध्यम से जनपद के स्थानीय युवाओं को विभिन्न कंपनियों से सीधे जुड़ने और रोजगार के अवसर तलाशने का मंच मिला। विभाग ने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की।

