लक्ष्य तय कर मेहनत से पढ़ाई करें छात्राएं : मीनल गुलाटी, गांधी-शास्त्री जयंती पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान से छात्राओं को अवगत कराया।

कार्यक्रम में ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां परिवार की जिम्मेदारियों के साथ प्रशासनिक एवं सामाजिक दायित्वों का भी सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से छात्राएं आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है। उन्होंने कृषि के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ जैविक एवं अजैविक कृषि के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका बबीता राणा ने किया, जबकि शिक्षिका अंजू बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उनके सर्वांगीण विकास के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।

इस अवसर पर बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर से पल्लवी एवं प्रवीण, समाज कल्याण विभाग से गोविंद राम टमटा, विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं तथा प्रयोगशाला सहायक जीत राम पोठियाल उपस्थित रहे।