सत्य-अहिंसा और सादगी के आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान, रुद्रप्रयाग में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

Blog
 Image

जिलाधिकारी ने महापुरुषों को किया नमन,

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जनपद रुद्रप्रयाग में श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। जिला मुख्यालय सहित सभी सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों, तहसीलों और विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। उनके चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

 

जिला कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता आंदोलन की नई दिशा दी और राष्ट्र निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया। उनका जीवन सत्य, सादगी, स्वच्छता और मानवता के आदर्शों का प्रतीक है।

 

उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से सार्वजनिक जीवन में अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश आज भी देश की प्रगति और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरणादायी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से सत्य, अहिंसा, आपसी सौहार्द, स्वच्छता एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम’ सहित विभिन्न भजनों का गायन कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूरा परिसर देशभक्ति और श्रद्धा के भाव से गूंज उठा।

विकास भवन में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं तहसील ऊखीमठ में उप जिलाधिकारी अनिल रावत के नेतृत्व में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई गई। इस अवसर पर केदारनाथ धाम यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 13 कार्मिकों को विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया।

 

जनपद की अन्य तहसीलों एवं विकासखंड कार्यालयों में भी संबंधित उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों के नेतृत्व में गोष्ठियों और स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, विचारों और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन चंद्र जोशी, जिला सूचना अधिकारी केएल टम्टा सहित कलेक्ट्रेट एवं सूचना कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।