रुद्रप्रयाग। संस्कृति जागरण मंच उत्तराखंड प्रांत की ओर से संस्कृति विभाग के सहयोग से देहरादून स्थित संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान-2026’ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में साहित्य, संस्कृति, लोकगायन, संगीत, अभिनय, स्वास्थ्य सेवा, महिला उद्यमिता, पत्रकारिता, समाजसेवा एवं खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 24 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी तथा विशिष्ट अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मान प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोकभाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया।
समारोह में रुद्रप्रयाग की साहित्यकार, कवयित्री एवं शिक्षाविद् डॉ. ममता कुंवर को उत्तराखंड की लोक संस्कृति तथा गढ़वाली कविता के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘देवभूमि माटी गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
डॉ. ममता कुंवर लंबे समय से साहित्य, लोकभाषा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। अपनी रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से वह पहाड़ की लोक संस्कृति, परंपराओं और गढ़वाली भाषा-साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. ममता कुंवर ने संस्कृति जागरण मंच का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपनी माटी, अपनी भाषा और अपनी संस्कृति के लिए कार्य करना उनके लिए गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें लोक संस्कृति और गढ़वाली भाषा-साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।
संस्कृति जागरण मंच उत्तराखंड प्रांत के अध्यक्ष ज्योति प्रकाश पंत ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्तराखंड की संस्कृति और समाज के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं तथा उनके योगदान को व्यापक पहचान प्रदान करते हैं।
समारोह में दीपक केंतुरा, विजय पंत सहित संस्कृति जागरण मंच के पदाधिकारी, आयोजक मंडल के सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।

