पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,
रुद्रप्रयाग। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग की ओर से जनपद न्यायालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष नीना अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायिक परिवार के सदस्यों ने दोनों महान विभूतियों के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीडी) पायल सिंह ने किया। उन्होंने गांधी जी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी के सादगीपूर्ण जीवन और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने कहा कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा एवं नैतिक मूल्यों तथा शास्त्री जी के अनुशासन, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के लिए कानून के साथ मजबूत नैतिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक आचरण की भी आवश्यकता है।
मुख्य संबोधन में जनपद न्यायाधीश नीना अग्रवाल ने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों को गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य एवं आचरण में निष्पक्षता, संवेदनशीलता, सत्यनिष्ठा और सेवा भावना को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।
इस अवसर पर जनपद न्यायालय की महिला कर्मचारियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत सांस्कृतिक एवं संगीतमय प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम के बाद न्यायालय परिसर में पौधारोपण किया गया। जनपद न्यायाधीश सहित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मचारियों ने छायादार एवं फलदार पौधे रोपे और उनके संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार, सचिव पायल सिंह, सिविल जज (जूडी) विकास कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार सहित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन गांधी एवं शास्त्री के आदर्शों को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने तथा सत्य, अहिंसा, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक न्याय के मूल्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

