मोटे अनाजों की बंपर पैदावार से किसानों के चेहरे खिले,

Blog
 Image

मंडुआ, रामदाना और झंगोरा की अच्छी फसल से बढ़ेगी किसानों की आय, एमएसपी में तीन रुपये की बढ़ोतरी,

रुद्रप्रयाग। जिले में इन दिनों खरीफ फसलों की कटाई का कार्य जोर पकड़ चुका है। पहाड़ के खेतों में पारंपरिक मोटे अनाजों की अच्छी पैदावार होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। मंडुआ, रामदाना और झंगोरा की बेहतर फसल से इस वर्ष किसान परिवारों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।

जिले में कृषि विभाग की ओर से पारंपरिक मोटे अनाजों के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्य कृषि अधिकारी (प्रभारी) लोकेंद्र बिष्ट ने बताया कि जिले में मुख्य रूप से मंडुआ, रामदाना और झंगोरा के उत्पादन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौसम में करीब 4.5 हेक्टेयर क्षेत्र में इन फसलों की खेती की गई है। अब तक विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार फसलों की पैदावार अच्छी रही है।

उन्होंने बताया कि आगामी माह से प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) के माध्यम से मंडुआ की खरीद प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विभाग को इस वर्ष मंडुआ की खरीद-बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम आने की उम्मीद है।

रामदाना उत्पादन को भी जिले में विशेष महत्व दिया जा रहा है। केदारनाथ धाम में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच रामदाना से तैयार प्रसाद की मांग रहती है। रामदाना से प्रसाद तैयार कर बेचने वाले करीब 300 समूहों को भी अच्छी फसल का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

वहीं, सरकार की ओर से इस वर्ष रामदाना के न्यूनतम समर्थन मूल्य में पिछले वर्ष की तुलना में तीन रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। इसके तहत किसानों से रामदाना 52 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा जाएगा। इससे पर्वतीय किसानों को पारंपरिक फसलों के उत्पादन के प्रति प्रोत्साहन मिलने के साथ उनकी आय में वृद्धि की उम्मीद है।