शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को अनिवार्य रूप से दी जाए सूचना,
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पोर्टल पर लंबित शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का यथाशीघ्र और अनिवार्य रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सामने आया कि जनपद स्तर पर मुख्यमंत्री पोर्टल के एल-1 स्तर पर 81 तथा एल-2 स्तर पर 10, कुल 91 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और शिकायतों के निस्तारण के लिए नामित नोडल अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, शिकायत का निस्तारण किए जाने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की थी। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जनपद में सीएम पोर्टल की शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है। अधिकांश शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जा रहा है, जबकि लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारुल गोयल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

