Mar 19, 2026

केदारघाटी में महिलाओं की हुंकार, अवैध शराब के खिलाफ सड़कों पर उतरीं, केदारनाथ यात्रा मार्गों में संचालित दुकानों को किया जाए बंद : अशोक,

post-img

रुद्रप्रयाग प्रशासन और आबकारी विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग,

फाटा/रुद्रप्रयाग। केदारघाटी क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब के कारोबार के विरोध में महिलाओं का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। फाटा क्षेत्र में महिला मंगल दलों के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जागरूकता रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। अभियान को युवाओं ने भी अपना समर्थन दिया।

रैली की शुरुआत फाटा मुख्य बाजार से हुई, जो लगभग एक किलोमीटर दूर बैरंगना तक निकाली गई। इसके बाद पुनः फाटा बाजार में सभा आयोजित कर आंदोलन को स्वर दिया गया। रैली में बडासू, जामू, खड़िया, धानी सहित आसपास के कई गांवों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे गांव-गांव तक इसका असर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व सोनप्रयाग कोतवाली में इस संबंध में ज्ञापन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य खड़िया योगिता देवी ने कहा कि अवैध शराब का जाल समाज की जड़ों को कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज यह समस्या गांव-गांव तक पहुंच चुकी है और हमारी आने वाली पीढ़ी भी इसकी चपेट में आ रही है। हमें अपने सभ्य समाज को बचाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।

महिलाओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। आंदोलन में शामिल हुए भैरव सेना संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक सेमवाल ने कहा कि केदारनाथ यात्रा के अहम मार्गों में शराब की दुकानें खोली गई हैं, जहां से अवैध तरीके से शराब की सप्लाई गांव-गांव की जा रही हैं। तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, काकड़ागाड़ में शराब की दुकानें खोले जाने से ग्रामीण माहौल बिगड़ता जा रहा है। साथ ही केदारनाथ यात्रा पर भी बुरा असर पड़ रहा है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालु जब जगह-जगह शराब की दुकाने देखते हैं तो उनकी आस्था को चोट पहुंचती है। तीर्थयात्री सुखद यात्रा का संदेश लेकर नहीं जा रहे हैं। उनके मन में यही रहता है कि केदारनाथ यात्रा मार्गों में शराब व मांस की दुकाने खुली हुई हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान शराब की दुकानों को बंद किया जाना चाहिए, जिससे देश-विदेश में अच्छा संदेश जाए। इस दौरान पूर्व महिला मंगल दल अध्यक्ष जामू कमला देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य जामू आरती देवी, बड़ासू की पिंकी देवी, ग्राम प्रधान खड़िया दीपा देवी, धानी की राखी देवी, प्रधान बड़ासू विमला देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।