ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। विकासखंड ऊखीमठ व अगस्तमुनि क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। यहां के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी नौनिहालों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय ढौडिक खडपतियाखाल के चार विद्यार्थियों सहित पूरे ऊखीमठ विकासखंड के कुल 12 विद्यार्थियों का नवोदय विद्यालय में चयन हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।
सीमांत क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत इन बच्चों ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सफलता प्राप्त की है। नवोदय विद्यालय में प्रवेश को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर माना जाता है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशि कान्त नौटियाल ने बताया कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2019 से 2025 तक इस विद्यालय से 18 नौनिहालों का चयन पहले ही नवोदय के लिए हो चुका है।
ढौडिक विद्यालय से चयनित विद्यार्थियों में आदित्य कुमार, आंचल, आदर्श सिंह और आदित्य सिंह शामिल हैं। वहीं ऊखीमठ विकासखंड के अन्य विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों में आरव व अनुराग (प्राथमिक विद्यालय लम्बगौड़ी), सानवी (प्राथमिक विद्यालय बेडूला), कुमारी राधिका (प्राथमिक विद्यालय देवर), दिव्यांशु (प्राथमिक विद्यालय धानी), वंशिका (प्राथमिक विद्यालय तुलंगा), वैष्णवी (प्राथमिक विद्यालय कोठेडा) और अविरल (प्राथमिक विद्यालय कविल्ठा) शामिल हैं।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों एवं अभिभावकों ने खुशी जताते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षा प्रेमियों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।