रुद्रप्रयाग। हिंदू नव संवत्सर एवं पावन चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिन जनपद में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों के सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
प्रातःकाल जिलाधिकारी विशाल मिश्रा कालीमठ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने माँ काली के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने हवन-पूजन कर माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने जनपद रुद्रप्रयाग सहित प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आगामी केदारनाथ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए भी प्रार्थना की।
इसके उपरांत जिलाधिकारी रुच्छ महादेव मंदिर पहुंचे, जो कालीमठ से लगभग दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां उन्होंने भगवान शिव के दर्शन कर विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और जनपद में सुख, शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को हिंदू नव संवत्सर एवं चैत्र नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने बताया कि आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही हैं।