ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के प्रमुख शक्तिपीठों में बसन्त नवरात्र के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सिद्धपीठ कालीमठ मंदिर सहित कोटी माहेश्वरी, काली शिला, रांसी स्थित राकेश्वरी मंदिर और कण्डारा स्थित राज राजेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान एवं धार्मिक कार्यक्रम पूरे विधि-विधान से संपंन हो रहे हैं।
नवरात्रों के आरम्भ होते ही घाटी के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गुंजायमान हैं और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया है। नवरात्रों के प्रथम दिन से ही मंदिरों में प्रातःकालीन पूजा, दुर्गा सप्तशती पाठ, हवन-यज्ञ तथा देवी जागरण जैसे धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। विशेष रूप से कालीमठ मंदिर में माता काली की पूजा का विशेष महत्व है, जहां दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु मां के दर्शन कर मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना कर रहे हैं। कालीमठ में मां काली ने रक्तबीज नामक दैत्य का वध किया था।
कोटी माहेश्वरी और काली शिला में साधकों द्वारा तप एवं साधना की परम्परा का निर्वहन किया जा रहा है, जबकि रांसी के राकेश्वरी मंदिर और कण्डारा के राज राजेश्वरी मंदिर में भी स्थानीय ग्रामीणों और बाहरी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या पूजा-अर्चना में भाग ले रही है।
श्रद्धालु व्रत रखकर, फूल-माला, नारियल और चुनरी अर्पित कर माता का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु इन शक्तिपीठों में पहुंचकर अपनी आस्था व्यक्त कर रहे हैं।
पंडित देवानंद गैरोला ने बताया कि बसन्त नवरात्र देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना का विशेष पर्व है, जो शक्ति, साधना और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इन दिनों सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से मां भगवती भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
वहीं पंडित दिनेश चन्द्र गौड़ के अनुसार केदार घाटी के ये शक्तिपीठ प्राचीन काल से आस्था के प्रमुख केन्द्र रहे हैं, जहां की विशेष पूजा-पद्धति श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती है। वेदपाठी रमेश चन्द्र भट्ट ने कहा कि बसन्त नवरात्रों के दौरान केदार घाटी देवी भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत केन्द्र बन जाती है, जो श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रही है। पंडित रमेश चन्द्र ने बताया कि नवरात्रि पर्व को लेकर रुद्रप्रयाग जिले के भरदार पट्टी में मां मठियाणा, रानीगढ़ पट्टी में हरियाली देवी और संगम बाजार स्थित मां चामुंडा मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। भक्त बड़ी संख्या में यहां पहुंचकर माता का आशीर्वाद ले रहे हैं।