बाजार और टैक्सी स्टैंड पर नागरिकों, व्यापारियों एवं पर्यटकों को किया जागरूक,
रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को कोतवाली ऊखीमठ पुलिस ने "नशा मुक्त भारत अभियान" अंतर्गत "नशा मुक्ति पखवाड़ा" के अवसर पर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऊखीमठ बाजार एवं मुख्य टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, टैक्सी चालकों तथा पर्यटकों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने विशेष रूप से युवाओं में बढ़ते सिंथेटिक ड्रग्स के सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति और परिवार को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को प्रभावित करता है तथा अपराधों को बढ़ावा देता है। उन्होंने क्षेत्र को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील करते हुए नशा तस्करी अथवा अवैध बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। साथ ही आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस दौरान पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। नागरिकों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों तथा उनकी सुरक्षा से संबंधित कानूनों, विशेषकर पोक्सो अधिनियम एवं घरेलू हिंसा से जुड़े प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने उपस्थित नागरिकों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा टैक्सी यूनियन के सदस्यों को नशामुक्त जीवन जीने और समाज को नशे से मुक्त बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई।
इस जन-जागरूकता अभियान में ऊखीमठ टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष अमित त्रिवेदी, संरक्षक महावीर रावत, वरिष्ठ व्यापारी मानवेंद्र शैव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायियों, वाहन चालकों, जागरूक नागरिकों एवं पुलिस कर्मियों ने सहभागिता की। स्थानीय लोगों ने ऊखीमठ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।