Jun 25, 2026

रुद्रप्रयाग फायर स्टेशन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, तैयारियों एवं अनुशासन की हुई गहन समीक्षा

post-img

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड अग्निशमन एवं आपात सेवा के उपनिदेशक (तकनीकी) संदीप कुमार राणा ने गुरुवार को रुद्रप्रयाग फायर स्टेशन का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी मानसून सत्र तथा संचालित चारधाम यात्रा के दृष्टिगत फायर स्टेशन की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था।

निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जिसमें फायर स्टेशन प्रभारी सहित समस्त कार्मिक निर्धारित एवं स्वच्छ वर्दी में उपस्थित पाए गए। इसके उपरांत उपनिदेशक ने स्टेशन परिसर, कार्यालय, स्टोर, एमटी अभिलेख, संचार व्यवस्था तथा भवन की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित पाए गए।

निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन में उपलब्ध अग्निशमन वाहनों, रेस्क्यू एवं आपदा राहत उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। कर्मचारियों से विभिन्न उपकरणों का संचालन कराकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया गया। इस दौरान उपकरणों के नियमित रखरखाव तथा उन्हें हर समय आपात स्थिति के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

उपनिदेशक (तकनीकी) ने चारधाम यात्रा एवं मानसून सीजन को देखते हुए फायर स्टेशन पर पर्याप्त जनशक्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिला एवं पुरुष फायरकर्मियों को आधुनिक अग्निशमन एवं रेस्क्यू उपकरणों के संचालन में पूर्ण रूप से प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी अग्निकांड अथवा रेस्क्यू अभियान के दौरान कार्मिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी कर्मचारियों को पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा अनुशासन, निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी गई।

निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए स्टेशन प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को भी अपनी समस्याएं उचित माध्यम से उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने की सलाह दी गई।

निरीक्षण के समापन पर उपनिदेशक संदीप कुमार राणा ने फायर स्टेशन की स्वच्छता, प्रशासनिक अनुशासन एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी कार्मिकों को भविष्य में किसी भी आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सदैव सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए।