ग्राम मनसूना में आयोजित हुई पुलिस चौपाल, नशा, साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा पर किया गया जागरूक,
रुद्रप्रयाग। मादक पदार्थों के बढ़ते दुष्प्रभावों और नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से देशभर में संचालित "नशा मुक्त भारत अभियान" के तहत जनपद रुद्रप्रयाग में विशेष "नशा मुक्त पखवाड़ा" मनाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में जनपद पुलिस न केवल नशे के कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर आमजन को जागरूक करने का अभियान भी चला रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सुदूरवर्ती ग्राम मनसूना में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों और संगति पर विशेष नजर रखने की अपील की तथा अवैध नशे के कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, केवाईसी अपडेट, लोन, लॉटरी और बैंकिंग फ्रॉड जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, सीवीवी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय दस्तावेज साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल श्रम एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 और 1090 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों और युवाओं को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा विभिन्न अपराधों से बचाव संबंधी जानकारी से युक्त सचित्र एवं ज्ञानवर्धक बुकलेट्स वितरित की गईं। इन पुस्तिकाओं में महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों और सुरक्षा संबंधी सुझावों का भी उल्लेख किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामवासियों ने रुद्रप्रयाग पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए अपने गांव को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त बनाने में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
रुद्रप्रयाग पुलिस का यह अभियान न केवल अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में जागरूकता और सहभागिता बढ़ाकर एक सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण की ओर भी सार्थक पहल साबित हो रहा है।