रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में मादक पदार्थों की तस्करी तथा अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो पिकअप वाहन से 227 बोतल अवैध शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने एवं संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीम ने वाहन संख्या यूके-13 सीए-0901 (बोलेरो पिकअप) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से मैकडावल व्हिस्की की 227 बोतलें बरामद हुईं, जिन्हें अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से देवेन्द्र सिंह पंवार पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम जैली, पोस्ट कुमड़ी, जनपद रुद्रप्रयाग तथा बसन्त शाही ठाकुर पुत्र लाल बहादुर, निवासी धाचु गांव, थाना जुगाडा गांव पालिका, जिला जुमला (नेपाल), हाल निवासी विशाल शाही होटल, गौरीकुण्ड, कोतवाली सोनप्रयाग को गिरफ्तार किया।
इस संबंध में कोतवाली गुप्तकाशी में मु.अ.सं. 24/2026 के तहत धारा 60(1)/72 आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार, अवैध शराब की तस्करी तथा मादक पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।