रुद्रप्रयाग। रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में साप्ताहिक पुलिस परेड का सफल आयोजन किया गया। परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर द्वारा ली गई तथा मान-प्रणाम ग्रहण किया गया।
परेड का शुभारंभ शारीरिक दक्षता को ध्यान में रखते हुए हल्की दौड़ के साथ किया गया। दौड़ के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, जिसमें अधिकारी एवं कर्मचारियों के टर्न-आउट (वर्दी एवं साज-सज्जा) का बारीकी से मूल्यांकन किया गया।
इस दौरान जवानों को टोलियों में विभाजित कर टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
परेड समाप्ति के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन परिसर का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान फैमिली क्वार्टर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, स्टोर, कैश कार्यालय एवं शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए विभागीय रजिस्टरों एवं अभिलेखों के रखरखाव का गहन अवलोकन किया गया तथा उन्हें समय-समय पर अद्यतन (अपडेट) रखने के निर्देश दिए गए।