Apr 18, 2026
govt-ads

केदारनाथ यात्रा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह मुस्तैद, पुलिस लाइन रतूड़ा में एसपी नीहारिका तोमर ने किया यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ

post-img

ब्रीफिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित,

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह तैयार है। 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही यात्रा के मद्देनजर रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा में आयोजित ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” और “अतिथि देवो भवः” के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। साथ ही निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में पुलिसकर्मी धैर्य न खोएं और श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखें। अनुचित आचरण पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यात्रा मार्ग, केदारनाथ धाम और पैदल मार्ग के विभिन्न पड़ावों के लिए ड्यूटी आदेश जारी कर दिए गए हैं और सभी कार्मिकों को समय से अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। ब्रीफिंग के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित कर उनका मनोबल भी बढ़ाया गया। इस अवसर पर सीओ गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट ने पिछले वर्षों के अनुभव साझा किए, जबकि एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र सिंह कठैत ने क्षेत्र की भौगोलिक चुनौतियों की जानकारी दी। यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के लिए आवास और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त अन्य जनपदों से आने वाले पुलिस बल का भी सहयोग लिया जाएगा, जिसमें स्थानीय पुलिस मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगी। ब्रीफिंग में पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, विभिन्न थाना प्रभारियों सहित एलआईयू, दूरसंचार और अन्य शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

एसपी रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने कहा कि रुद्रप्रयाग पुलिस प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सहायता के लिए संकल्पबद्ध है। हमारा लक्ष्य यात्रा को सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाना है।