Apr 18, 2026
govt-ads

शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना जरूरी : आशा, राइंका राऊलैंक में निर्मित कक्षों का विधायक केदारनाथ ने किया लोकार्पण

post-img

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। मदमहेश्वर घाटी के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज राऊलैंक में राज्य योजना के तहत 84.76 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण समारोह का भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपंन हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

कार्यक्रम में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए नवनिर्मित कक्षा-कक्षों का विधिवत उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण में अध्ययन का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है।

इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा एवं पूर्व सदस्य विनोद राणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली एवं कुमाऊंनी लोकगीतों व नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष रंग भर दिया।

इस मौके पर प्रधानाचार्य माहेश्वर दत्त त्रिवेदी एवं विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि अतिरिक्त कक्षा-कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा, जिससे शिक्षण कार्य अधिक सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा। उन्होंने राज्य सरकार एवं संबंधित विभाग का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के शैक्षिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान नीमा देवी ने की, जबकि संचालन लक्ष्मीकांत काण्डपाल द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रधान उनियाणा बिशाम्वरी देवी, प्रधानाचार्य जीआईसी रासी कमल सिंह नेगी, पीटीए अध्यक्ष प्रेम सिंह, गजपाल सिंह, आनंद सिंह नेगी, रेखा देवी, महिपाल सिंह नेगी, विजेंद्र सिंह कंडारी, राकेश नौटियाल, कंचन सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी, एमएस रावत, वंदना, सोहन, मंजू देवी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अभिभावक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।