रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा अवैध शराब के भंडारण, विक्रय एवं तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्क रहकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया है।
इसी क्रम में जनपद पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किए हैं, जिनमें दो मामले कोतवाली अगस्त्यमुनि तथा एक मामला कोतवाली गुप्तकाशी में दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोतवाली अगस्त्यमुनि क्षेत्र में चेकिंग के दौरान डब्बू लाल निवासी ग्राम क्यूंजा के कब्जे से 56 पव्वे अंग्रेजी शराब (मैकडॉवल) बरामद किए। वहीं, देर रात की चेकिंग में नितिन निवासी ग्राम बावई के पास से 2 पेटी (24 बोतल) अंग्रेजी शराब बरामद कर उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज किया गया।
इसी तरह कोतवाली गुप्तकाशी पुलिस ने चेकिंग के दौरान बोलेरो वाहन संख्या यूके 07 टीई 1994 से अरविन्द सिंह शाह निवासी ग्राम नाला के कब्जे से 48 हाफ “आफ्टर डार्क ग्रीन व्हिस्की” बरामद की। आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज करते हुए वाहन को सीज किया गया। जनपद पुलिस का कहना है कि केदारनाथ यात्रा के मद्देनजर अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।