Mar 25, 2026
govt-ads

स्कूल मार्ग पर बढ़ती असामाजिक गतिविधियों से ग्रामीणों में आक्रोश, ग्राम प्रधान ने पुलिस से की सख्त कार्रवाई और नियमित गश्त की मांग,

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद के अगस्त्यमुनि क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रायड़ी में स्कूल मार्ग पर बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस संबंध में ग्राम प्रधान द्वारा थाना अगस्त्यमुनि को लिखित पत्र प्रेषित कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायड़ी-बुराडा विद्यालय मार्ग पर आए दिन कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम शराब सेवन, गंदगी फैलाने तथा वहां से गुजरने वाली महिलाओं और छात्राओं के लिए असहज वातावरण उत्पन्न किया जा रहा है। इस कारण क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि यह मार्ग विद्यालय के समीप होने के कारण अत्यंत संवेदनशील है, जहां से प्रतिदिन छात्र-छात्राएं और अभिभावक गुजरते हैं। ऐसी गतिविधियों से न केवल सामाजिक वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि ग्रामीणों में असंतोष भी लगातार बढ़ रहा है।
ग्राम प्रधान सुधाता देवी ने कहा कि, “स्कूल मार्ग पर इस प्रकार की गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं। इससे बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से अनुरोध किया गया है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता पड़ने पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएं, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने तथा समय-समय पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, जिससे ग्रामीणों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सुरक्षित वातावरण बहाल हो सके।