Mar 25, 2026
govt-ads

मदमहेश्वर घाटी में सार्वजनिक आयोजनों में शराब बंद, ग्राम पंचायत गड़गू के ग्रामीणों का फैसला

post-img

सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध,

जन-जागरूकता अभियान तेज,

 

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह रावत 

उखीमठ/रुद्रप्रयाग। मदमहेश्वर घाटी की ग्राम पंचायत गड़गू में सामाजिक सुधार की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए सार्वजनिक कार्यों एवं आयोजनों में शराब परोसने पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। ग्राम सभा के इस निर्णय के बाद क्षेत्र में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है, वहीं महिलाओं और युवाओं ने मिलकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी शुरू कर दिया है।

ग्राम प्रधान सरिता नेगी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। बैठक में कहा गया कि विवाह, धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक कार्यक्रमों सहित अन्य सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने से सामाजिक ताना-बाना प्रभावित होता है, जिससे आपसी विवाद, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक बुराइयों को बढ़ावा मिलता है। ऐसे में गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह ठोस कदम उठाया गया है। निर्णय के बाद महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और अन्य सामाजिक संगठनों ने गांव के प्रत्येक तोक और बस्ती में जाकर लोगों को जागरूक किया। रैलियों, नारों और घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को शराब के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

युवाओं ने भी इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कहा कि गांव का भविष्य स्वस्थ और सकारात्मक वातावरण में ही सुरक्षित है। उन्होंने सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की बात कही और सभी से इस निर्णय का पालन करने की अपील की। इस संबंध में ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर गांव के निर्णय से अवगत कराया तथा प्रभावी निगरानी और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग की मांग की, ताकि नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

ग्रामीणों का मानना है कि इस निर्णय से गांव में सामाजिक समरसता बढ़ेगी, पारिवारिक वातावरण बेहतर होगा और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी। साथ ही यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणास्रोत साबित हो सकती है। ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान सरिता नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष दलवीर नेगी, महिला मंगल दल अध्यक्ष सागरा देवी, सचिव सीमा देवी, कोषाध्यक्ष कुसुम देवी, नव युवक मंगल दल अध्यक्ष नवीन सिंह, कोषाध्यक्ष प्रमोद सिंह सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।