16 फील्ड ट्रेनरों की तीन टीमों का गठन,
रुद्रप्रयाग। जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को सफलता पूर्वक संपंन हो गया। यह प्रशिक्षण 23 से 25 मार्च तक आयोजित किया गया, जिसमें जिला स्तर के मास्टर ट्रेनर लोकेन्द्र बिष्ट (मुख्य कृषि अधिकारी) सहित जनगणना निदेशालय देहरादून से नामित मास्टर ट्रेनर नितीश रावत एवं गौरव पुरोहित ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को भवन गणना एवं व्यक्ति गणना से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी गई। अंतिम दिवस पर पूर्व में कराई गई गतिविधियों का पुनरावलोकन करते हुए फील्ड ट्रेनरों की समझ को और अधिक सुदृढ़ किया गया।
इसी क्रम में विकासखंड क्षेत्र के संदर गांव में हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) ऐप का प्रायोगिक प्रशिक्षण (हैंड्स-ऑन) आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामवासियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए जनगणना कार्य के प्रति जागरूकता दिखाई। ग्राम प्रधान द्वारा भी कार्यक्रम के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए पूरे गांव को तीन एचएलओ ब्लॉकों में विभाजित किया गया तथा 16 फील्ड ट्रेनरों की तीन टीमों का गठन किया गया। सभी टीमों ने गांव के विभिन्न परिवारों से संपर्क कर जनगणना के प्रथम चरण से संबंधित प्रश्नों का व्यावहारिक अभ्यास किया। उल्लेखनीय है कि जनपद में जनगणना 2027 का प्रथम चरण 24 अप्रैल से 25 मई के बीच संचालित किया जाएगा, जिसके लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।