Apr 03, 2026
govt-ads

उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान: गर्म दिन, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी

post-img

उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने के साथ ही प्रदेशभर में तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 12 फरवरी से राज्य में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगेगी। शुष्क मौसम के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक सामान्य तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी, जिससे मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का अहसास होगा।

बुधवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने से हल्की ठंड महसूस हो सकती है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ चटक धूप खिलने के आसार हैं। 12 से 15 फरवरी तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान तापमान में क्रमिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मैदानी क्षेत्रों में दोपहर के समय गर्मी बढ़ेगी, जबकि पर्वतीय इलाकों में धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने 16 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। मंगलवार को दून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। इसी तरह प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल लोगों को दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर झेलना पड़ेगा।