Apr 03, 2026
govt-ads

बद्रीनाथ हाईवे के स्लाइडिंग जोन का एसपी नीहाहिका ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

post-img

रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जनपद में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने रुद्रप्रयाग मुख्यालय से लेकर चमोली सीमा तक बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से कमेड़ा स्लाइडिंग जोन का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान यातायात निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी घोलतीर ने जानकारी दी कि वर्ष 2022 में इस क्षेत्र में हाईवे पूरी तरह वॉशआउट हो गया था, जिसके बाद से बरसात के समय यहां यातायात प्रभावित रहता है। इस पर एसपी ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित और सुचारु यातायात संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसपी ने चौकी घोलतीर का औचक निरीक्षण भी किया। उन्होंने चौकी भवन, भोजनालय, प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। चौकी परिसर के पीछे क्षतिग्रस्त पुश्ते की मरम्मत कराने तथा पूरे परिसर की रंगाई-पुताई के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, चौकी में चल रहे लघु निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया कि आगामी चारधाम यात्रा एवं हेमकुंड साहिब यात्रा को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के ठहरने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का समय रहते आंकलन और तैयारी सुनिश्चित करें। इस मौके पर यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, चौकी प्रभारी घोलतीर जयवीर सिंह एवं प्रभारी आशुलिपिक नरेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।