रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों-शोरों पर चल रही हैं। पैदल मार्ग से बर्फ हटाने के बाद मालवाहक घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू हो गई है। पिछले एक सप्ताह से डीडीएमए के मजदूर लगातार मार्ग को सुचारू बनाने में जुटे हुए थे।
डीडीएमए के मजदूरों ने बीते दिनों छोटी लिनचोली के पास बर्फ हटाने का कार्य शुरू किया था। कुबेर और भैरव ग्लेशियर क्षेत्रों में भारी बर्फ के कारण रास्ता बनाने में सबसे अधिक कठिनाई का सामना करना पड़ा। मजदूरों ने कड़ी मेहनत करते हुए इन स्थानों पर बर्फ काटकर मार्ग तैयार किया। रुद्रा पॉइंट और बेस कैंप क्षेत्र में जेसीबी मशीनों की मदद से बर्फ हटाई गई, जिससे कार्य में तेजी आई। डीडीएमए ने मजदूरों को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर विभिन्न स्थानों पर मार्ग निर्माण का कार्य कराया। शनिवार तीन अप्रैल से निर्माण सामग्री लेकर मालवाहक घोड़े-खच्चरों की आवाजाही शुरू कर दी गई है। साथ ही खाद्यान्न सामग्री भी पहुंचाई जा रही है। पहले दिन करीब 20 से 30 घोड़े-खच्चर सामग्री लेकर केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए, जिससे पुनर्निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
वहीं, डीएम विशाल मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। लोनिवि गुप्तकाशी पैदल रास्ते को दुरूस्त करने में जुटा हुआ है, जबकि धाम में बर्फ सफाई का कार्य जारी है। 22 अप्रैल को बाबा केदारनाथ धाम के कपाट खुलने हैं। ऐसे में 15 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त किया जाना जरूरी है। यात्रा से संबंधित सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है। पैदल रास्ते से बर्फ साफ कर घोड़े-खच्चरों से ढुलान भी शुरू हो गया है। मौसम अगर साफ रहा तो यात्रा तैयारियों को समय पर पूर्ण कर लिया जाएगा।