Jun 25, 2026

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक, नशा न करने की दिलाई शपथ,

post-img

रुद्रप्रयाग। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे नशा मुक्त पखवाड़ा के तहत बुधवार थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने ग्राम मानसून में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को सिंथेटिक ड्रग्स के दुष्प्रभाव, साइबर अपराध, महिला अपराध तथा बाल अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही नशा तस्करों की सूचना पुलिस को गोपनीय रूप से उपलब्ध कराने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव एवं जागरूकता संबंधी ज्ञानवर्धक बुकलेट भी वितरित की गईं।

एसएचओ मनोज नेगी ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें सही दिशा प्रदान करने के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

ग्राम प्रधान मिथिला देवी ने कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं और ग्रामीणों को सही जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में ग्राम के अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे और सभी ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।