रुद्रप्रयाग। बालिकाओं को स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट स्नेह के अंतर्गत राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बुढ़ना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और बाल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. सीमा टेकचंदानी ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों की जानकारी देते हुए बालिकाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर जागरूक रहने पर जोर दिया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशा एवं डॉ. मीनाक्षी ने किशोरावस्था में होने वाले बदलावों और मासिक धर्म स्वच्छता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इस दौरान स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना आवश्यक है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या पर बिना संकोच चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए भी प्रेरित किया।
बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मालासी ने समिति की भूमिका और बच्चों के हित एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में संबंधित संस्थाओं से सहायता लेने की सलाह दी।
समिति की सदस्य ममता शैली ने गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बालिकाओं से किसी भी असहज या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहने का आह्वान किया। साथ ही बाल विवाह से होने वाले स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया।
साइबर सुरक्षा के संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने, अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत में सतर्क रहने तथा निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और अन्य डिजिटल जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
आशा कार्यकर्ता आशा देवी एवं शशि ने स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं किशोरावस्था से जुड़े विषयों पर जानकारी दी, जबकि एएनएम अशरफी देवी ने मासिक धर्म स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई के उचित तरीकों के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने विभिन्न विषयों से संबंधित सवाल पूछे, जिनका उपस्थित विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बुढ़ना की प्रधानाचार्या चौहान, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
प्रोजेक्ट स्नेह के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वास्थ्य, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सजग बनाकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।

