Apr 12, 2026
govt-ads

स्यालसौड़ में उक्रांद की चिंतन बैठक संपन्न, सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

post-img


ऊखीमठ। उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय कार्य समिति की एक महत्वपूर्ण चिंतन बैठक स्यालसौड़ में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के ज्वलंत मुद्दोंकृजल, जंगल, जमीन, पलायन, बेरोजगारी तथा स्थायी राजधानी गैरसैंण पर व्यापक चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के मूल मुद्दों पर गंभीर मंथन करते हुए कहा कि राज्य गठन के पीछे जिन उद्देश्यों की परिकल्पना की गई थी, वे आज भी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से सत्तासीन दल प्रदेश के संसाधनों का समुचित उपयोग नहीं कर पाए, जिससे आम जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है।
चिंतन बैठक के बाद उक्रांद के पदाधिकारियों ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा से है, लेकिन लगातार हो रहे अतिक्रमण और अव्यवस्थित विकास के कारण पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। साथ ही, युवाओं का पलायन और बढ़ती बेरोजगारी भी गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
स्थायी राजधानी के मुद्दे पर नेताओं ने स्पष्ट किया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को दल मजबूती से आगे बढ़ाएगा। उनका कहना था कि गैरसैंण भौगोलिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से उपयुक्त राजधानी है और इससे जुड़ी जनता की भावनाओं का सम्मान होना चाहिए।
इस अवसर पर उक्रांद नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल ही उत्तराखंड के हितों की सच्ची आवाज बन सकता है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की रणनीति भी बनाई गई, जिसके तहत गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों से जनता को अवगत कराया जाएगा।
इस दौरान केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती, पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी, पुष्पेश त्रिपाठी, पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत, कार्यकारी अध्यक्ष पंकज ब्यास सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।