Apr 12, 2026
govt-ads

केदारनाथ यात्रा : नहीं होगी गैस की किल्लत, डीएम ने होटल एसोसिएशन के साथ कसी कमर

post-img


रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने  सीतापुर में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। डीएम ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद यात्रा के दौरान एलपीजी और ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। 
जिलाधिकारी ने कहा कि मध्य पूर्व एशिया में जारी तनाव के कारण एलपीजी आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जरूर है, लेकिन शासन स्तर पर यात्रा के लिए पर्याप्त गैस का कोटा सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने होटल और ढाबा संचालकों को सुझाव दिया कि वे बैकअप के तौर परःइलेक्ट्रिक इंडक्शन, कोयला और लकड़ी, डीजल भट्टी जैसे वैकल्पिक संसाधनों का भी प्रबंध रखें ताकि श्रद्धालुओं को भोजन की असुविधा न हो।
 

दरों पर नियंत्रण और स्वच्छता सर्वोपरि’
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी ने व्यवसायियों को सख्त चेतावनी दी कि श्रद्धालुओं से निर्धारित दरों से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गुणवत्तायुक्त भोजन और स्वच्छता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप श्रद्धालुओं को ’अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ बेहतर अनुभव देना प्राथमिकता है।
 

व्यापारियों की मांगें और अवैध गतिविधियों पर प्रहार’
रुद्रप्रयाग। होटल एसोसिएशन ने पार्किंग, ट्रैफिक और शौचालयों की समस्या उठाई। व्यापारियों ने यात्रा मार्ग पर ’’अवैध शराब और मांस की बिक्री’’ पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की। इस पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा प्रशासन, पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अमित मैखंडी, होटल एसोसिएशन उपाध्यक्ष कल्पेश चौहान, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, तहसीलदार रमेश सिंह रावत और सुलभ इंटरनेशनल के प्रतिनिधि धनंजय पाठक सहित कई अधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे।