Apr 12, 2026
govt-ads

तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेक पर भीषण तूफान में फंसे 30 पर्यटक,  पुलिस और वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

post-img


खराब मौसम और बर्फबारी के बीच रेस्क्यू टीम ने चलाया साहसिक अभियान, 
रुद्रप्रयाग। दुनिया के सबसे ऊंचे शिव धाम तुंगनाथ और चंद्रशिला ट्रेक पर शनिवार शाम प्रकृति का रौद्र रूप देखने को मिला। अचानक आए भीषण तूफान, बर्फबारी और शून्य दृश्यता के कारण करीब 30 ट्रैकर्स रास्ते में ही फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, वन विभाग और एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्गम पहाड़ियों पर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5ः30 बजे डायल 112 के माध्यम से जिला प्रशासन को सूचना मिली कि चंद्रशिला मार्ग पर ट्रेकिंग कर रहे पर्यटकों का एक बड़ा दल खराब मौसम के कारण रास्ता भटक गया है। तूफान इतना तेज था कि पर्यटकों के लिए आगे बढ़ना या वापस लौटना असंभव हो गया था।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देशन में कोतवाली ऊखीमठ, चौकी चोपता, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और वन विभाग की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। रेस्क्यू टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती गिरता तापमान और खराब दृश्यता थी। दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने ट्रैकर्स की लोकेशन का पता लगाया। देर रात तक चले इस साहसिक अभियान में दिल्ली और हरियाणा के 30 ट्रैकर्स को सुरक्षित रेस्क्यू कर चोपता लाया गया।
सूचना मिलते ही हमारी टीमें अलर्ट मोड पर आ गई थीं। प्रतिकूल मौसम के बावजूद सभी 30 ट्रैकर्स तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार और देखभाल के बाद उन्हें उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया है - नंदन सिंह रजवार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी’
फंसे हुए दल में मुख्य रूप से दिल्ली और हरियाणा के युवा शामिल थे। इनमें टीम गाइड ’’प्रीती चौधरी (द्वारका, दिल्ली), विपासा (पानीपत), अभिषेक (हरियाणा), गरिमा (गुरुग्राम), अभिषेक कटोच (दिल्ली) और हिमांशु (बहादुरगढ़)’’ सहित अन्य पर्यटक शामिल थे।