क्यूंजा गांव में ग्राम दर्शन करेंगे प्रशिक्षु अधिकारी

Blog
 Image

क्यूंजा गांव में ग्राम दर्शन करेंगे प्रशिक्षु अधिकारी,

विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की धरातलीय स्थिति का लेंगे जायजा, ग्रामीणों से करेंगे सीधा संवाद,

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के प्रशिक्षु अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विकासखंड अगस्त्यमुनि के क्यूंजा गांव में ग्राम दर्शन प्रस्तावित है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण प्रशासन, सहभागी शासन और जन-केंद्रित विकास की व्यावहारिक समझ प्रदान करना है।

 

ग्राम दर्शन के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी गांव की विकासात्मक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का प्रत्यक्ष अध्ययन करेंगे। वे जनसंख्या, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आजीविका, आधारभूत सुविधाओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच, स्थानीय संसाधनों तथा ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं से संबंधित आंकड़े जुटाएंगे। इसके आधार पर गांव की सूक्ष्म विकास रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

 

कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारी सबसे पहले जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत से भेंट कर जिले की विकासात्मक प्राथमिकताओं, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्राम स्तर पर संचालित योजनाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे। इसके बाद क्यूंजा गांव पहुंचकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद करेंगे।

अधिकारी यह भी जानेंगे कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक किस स्तर तक पहुंच रहा है। साथ ही स्थानीय संसाधनों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उपलब्ध संभावनाओं के आधार पर गांव के समग्र विकास के लिए आवश्यक सुझाव भी संकलित किए जाएंगे।

 

ग्राम दर्शन के माध्यम से प्रशिक्षु अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों, स्थानीय जरूरतों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में तैयार रिपोर्ट में गांव की आवश्यकताओं के अनुरूप विकासात्मक सुझाव शामिल किए जाएंगे।

प्रशिक्षु अधिकारियों के दल में मनमोहन गुसाईं, जिला कमांडेंट होमगार्ड्स; ऐश्वर्या भट्ट, डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस; कंचन रावत, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स; अंबरीश प्रसाद नौटियाल, फाइनेंस ऑफिसर और हिमांशु चंद्र जोशी, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स शामिल हैं। ये सभी प्रशिक्षु अधिकारी क्रमशः पौड़ी गढ़वाल, चंपावत और उत्तरकाशी जिलों से संबंधित हैं।