Apr 30, 2026

केदारनाथ यात्रा में यातायात नियमों का उल्लंघन भारी, रुद्रप्रयाग पुलिस कर रही सख्त,

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम की पावन यात्रा इन दिनों पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। अब तक करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए धाम पहुंच चुके हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के चलते यात्रा मार्गों पर वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है।

ऐसे में जहां एक ओर रुद्रप्रयाग पुलिस यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दिन-रात मुस्तैद है, वहीं दूसरी ओर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

विशेष रूप से हाईवे पर स्टंटबाजी करने, वाहनों में अवैध हूटर का प्रयोग करने और शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस न केवल चालान कर रही है, बल्कि मौके पर ही अवैध हूटर और काली फिल्म हटवाकर चालकों को सख्त चेतावनी भी दे रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें। आपकी सुरक्षा हमारी प्राथमिकता हैकृइसलिए नियमों का पालन कर अपनी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुखद बनाएं।