व्यवस्थाओं की जमकर सराहना,
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में गुरुवार को आध्यात्मिकता और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर बाबा केदार के दर्शन हेतु पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और धाम की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की।
मंदिर परिसर में उनके आगमन पर जिला प्रशासन, मंदिर समिति और केदार सभा के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। माहौल उस समय और अधिक भक्तिमय हो उठा, जब कैलाश खेर ने अपना लोकप्रिय भक्ति गीत ‘जय जय केदारा’ प्रस्तुत किया। उनके सुरों पर पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु भावविभोर होकर इस दिव्य क्षण के साक्षी बने।
कैलाश खेर ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भारी संख्या में श्रद्धालुओं के बावजूद यात्रा पूरी तरह सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू ढंग से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन और पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केदारनाथ धाम की व्यवस्थाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, तीर्थ पुरोहितों और मंदिर समिति की समन्वित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना एक बड़ी उपलब्धि है। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित पूरी प्रशासनिक टीम के प्रयासों को भी सराहा। कैलाश खेर ने कहा कि बाबा केदार की इस पवित्र नगरी में पहुंचकर उन्हें अद्भुत शांति, ऊर्जा और आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे इस दिव्य यात्रा का हिस्सा बनें और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन कर यात्रा को और भी सफल बनाएं।