Apr 30, 2026

केदारनाथ धाम में जेबकतरा गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, पुलिस की मुस्तैदी से बड़ा खुलासा,

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था के बीच रुद्रप्रयाग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जेबकतरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्र में तैनात पुलिस टीम ने को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पर्स बरामद हुए, जिनमें अलग-अलग व्यक्तियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड तथा कुल 6,020 रूपए नकद मिले।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह मंदिर परिसर और दर्शन के लिए लगी भीड़ का फायदा उठाकर ब्लेड से पर्स काटकर चोरी करता था। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त ब्लेड का टुकड़ा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 12/2026 धारा 112 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शनि शर्मा पुत्र बिरमपाल निवासी गाजीवाली, श्यामपुर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में आरक्षी सन्दीप सिंह, आरक्षी सूरज बेंजवाल और आरक्षी नरेन्द्र शुक्ला शामिल रहे। गौरतलब है कि इससे पहले भी रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम में सक्रिय दो अन्य जेबकतरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस तीर्थयात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस को दें।