रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा के दौरान व्यवस्था और पवित्रता बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। यात्रा पड़ावों पर अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसते हुए चैकी गौरीकुण्ड पुलिस ने एक और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
जानकारी के अनुसार, केदारनाथ यात्रा मार्ग पर नेपाली मूल के कुछ लोग अवैध रूप से शराब की बिक्री कर यात्रा का माहौल प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस ने अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के निर्देश पर सभी थाना व चैकी प्रभारियों को अवैध शराब के भंडारण, बिक्री और तस्करी पर सतर्क दृष्टि रखते हुए प्रभावी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में चैकी गौरीकुण्ड पुलिस ने स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर एक नेपाली युवक को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 13 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त टेकराज शाही (21 वर्ष), पुत्र धनै शाही, निवासी थाना गांव पालिका शुभ कालिका, वार्ड नं. 05, पुलिस चैकी हाउड़ी, जिला कालीकोट कर्णाली (नेपाल), हाल निवासकृकिरण जंग शाही के डेरा, मकान मालिक नवीन गोस्वामी, गौरीकुण्ड, कोतवाली सोनप्रयाग है। आरोपी के विरुद्ध कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह रावत और आरक्षी अर्जुन सिंह शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ यात्रा की गरिमा, सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।