Apr 30, 2026

केदारनाथ यात्रा : डीएम विशाल मिश्रा ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, यात्रियों से किया संवाद

post-img

कंट्रोल रूम, पार्किंग और हेली सेवाओं का किया जमीनी निरीक्षण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

 

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 (NH-107) होते हुए यात्रा मार्ग की विभिन्न व्यवस्थाओं का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए और खुद यात्रियों से संवाद कर उनके सुझाव भी जाने।

 

कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाने के निर्देश

रुद्रप्रयाग। डीएम विशाल मिश्रा ने सोनप्रयाग पहुंचकर वहां स्थापित जी-मैक्स (G-Max) यात्रा कंट्रोल रूम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मॉनिटरिंग सिस्टम, संचार प्रणाली और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र (Emergency Response System) की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को बिना देरी के तत्काल मदद पहुंचाई जा सके। 

 

पार्किंग प्रबंधन और यात्रियों से संवाद

रुद्रप्रयाग। सोनप्रयाग पार्किंग स्थल का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने पार्किंग प्रबंधन, यात्री आवागमन और ट्रैफिक नियंत्रण प्रणाली को सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने तीर्थयात्रियों के बीच जाकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से उनके अनुभव जाने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सुझाव भी मांगे। यात्रियों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 

फाटा हेलीपैड पर परखे सुरक्षा मानक

रुद्रप्रयाग।सोनप्रयाग के बाद जिलाधिकारी ने फाटा जामू स्थित हेलीपैड का भी दौरा किया। वहां उन्होंने हेली सेवाओं के सुचारू संचालन, ईंधन (फ्यूल) की पर्याप्त उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से निरीक्षण किया। इसके साथ ही, हेलीपैड पर यात्रियों को दी जा रही बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्हें और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

रुद्रप्रयाग।जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने स्पष्ट किया कि केदारनाथ धाम आने वाले हर एक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर काम करने और यात्रा मार्ग पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम और सुखद यात्रा का अनुभव लेकर वापस लौटे।