May 13, 2026

मणिगुह में श्रीमद्भागवत कथा से भक्तिमय हुआ समूचा क्षेत्र, कार्तिकेय मंदिर परिसर में उमड़ा आस्था का सैलाब

post-img

भगवान कार्तिकेय मंदिर में सात दिवसीय ज्ञान यज्ञ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़, भजन-कीर्तन से गूंज रहा गांव

 

इनपुट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

ऊखीमठ/रूद्रप्रयाग। विकासखंड अगस्तमुनि की ग्राम पंचायत मणिगुह स्थित प्राचीन भगवान कार्तिकेय मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना हुआ है। श्री कार्तिकेय क्वारिका कीर्तन मण्डली एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा प्रवचन एवं ज्ञान यज्ञ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। कथा आयोजन से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय वातावरण व्याप्त है।

व्यासपीठ पर विराजमान कथावाचक आचार्य नीरज भट्ट द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का संगीतमय, सरस एवं भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से वे भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, भक्त प्रहलाद, ध्रुव चरित्र, गोवर्धन लीला तथा धर्म, सत्य और मानव कल्याण के संदेशों को अत्यंत सरल एवं प्रेरणादायी शैली में श्रद्धालुओं तक पहुंचा रहे हैं। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भजन-कीर्तन में भावविभोर होकर झूमते नजर आ रहे हैं।

आचार्य नीरज भट्ट ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सद्भाव और आध्यात्मिक चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपराओं से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कथा आयोजन के दौरान प्रतिदिन प्रातःकाल पूजा-अर्चना, हवन एवं वेद मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हो रहा है। लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, अनिल भट्ट, शम्भू प्रसाद भट्ट, अरविंद भट्ट, आशुतोष भट्ट एवं श्रवण भट्ट द्वारा उच्चारित वेद ऋचाओं से पूरा गांव भक्तिरस में डूबा हुआ है। वहीं महिला मंगल दल, युवक मंगल दल एवं स्थानीय युवा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों, फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया है। दूर-दराज गांवों से भी श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भण्डारे की विशेष व्यवस्था की गई है।

प्रतिदिन शाम को आयोजित सामूहिक भजन संध्या में स्थानीय कलाकार भगवान कार्तिकेय एवं श्रीकृष्ण के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं। भक्ति संगीत से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा है।

आयोजन समिति ने बताया कि गुरुवार को भव्य जल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जबकि शुक्रवार को पूर्णाहुति एवं विशाल भण्डारे के साथ कथा एवं ज्ञान यज्ञ का समापन होगा।

कथा आयोजन को सफल बनाने में प्रधान माणिक लाल, वन पंचायत सरपंच बचन सिंह रावत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष सत्यपाल नेगी, बलवीर बिष्ट, गजेन्द्र नेगी, तेजेन्द्र चौहान, नन्दन राणा, विपिन नेगी, युवराज, हन्नी, कार्तिकेय क्वारिका कीर्तन मण्डली, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल एवं समस्त ग्रामवासी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं।