May 13, 2026

प्राधिकरण सचिव ने किया जिला कारागार रुद्रप्रयाग का निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं और विधिक सहायता व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा,

post-img

रूद्रप्रयाग। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के मार्ग-दर्शन तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व जिला न्यायाधीश रुद्रप्रयाग के निर्देशन में बुधवार को सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पायल सिंह ने जिला कारागार रुद्रप्रयाग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारागार में निरुद्ध बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं एवं विधिक सहायता व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।

सचिव ने कारागार परिसर का निरीक्षण करते हुए बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित एवं सरल निस्तारण की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का भी परीक्षण किया गया। सचिव महोदया ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय की समान पहुंच सुनिश्चित करना है। कारागार में निरुद्ध व्यक्तियों को भी विधिक सहायता एवं न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकताओं में शामिल है।

महिला बंदियों की सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए सचिव ने कारागार प्रशासन को समय-समय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि बंदियों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सेवाओं की समुचित जानकारी मिलती रहे। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक विचार-विमर्श भी किया गया तथा व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील बनाने पर चर्चा की गई।