रूद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष आस्था, व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भागीदारी के चलते नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 22 अप्रैल से प्रारंभ हुई पवित्र यात्रा ने मात्र 22 दिनों में ही ऐतिहासिक आंकड़ा पार करते हुए 5 लाख 23 हजार 582 श्रद्धालुओं के दर्शन का रिकॉर्ड दर्ज किया है। हर दिन हजारों की संख्या में देश-विदेश से भक्त बाबा केदार के दरबार में पहुंच रहे हैं, जिससे संपूर्ण केदारघाटी भक्तिमय माहौल में डूबी हुई है।
यात्रा के शुरुआती दौर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के बावजूद व्यवस्थाएं पूरी तरह नियंत्रण में हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन और विभिन्न सेवा एजेंसियों के समन्वित प्रयासों ने यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। यात्रा मार्ग, पार्किंग, ट्रैफिक संचालन, स्वास्थ्य सुविधाएं, सफाई व्यवस्था और धाम क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। अधिकारियों की नियमित फील्ड विजिट और त्वरित निर्णयों का सकारात्मक असर यात्रा संचालन में साफ दिखाई दे रहा है।
प्रशासन द्वारा गौरीकुंड से केदारनाथ धाम तक पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। जगह-जगह विश्राम स्थल, पेयजल, भोजन, चिकित्सा सहायता, मोबाइल स्वास्थ्य इकाइयां, सुरक्षा बल और आपदा राहत टीमें तैनात की गई हैं। वहीं धाम क्षेत्र में साफ-सफाई, आवास, विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जा रहा है।
विशेष बात यह है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले क्षेत्र में भी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखा गया है, जिसकी श्रद्धालु खुलकर सराहना कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना
रूद्रप्रयाग। पंजाब के रोपड़ से पहुंचे श्रद्धालु दिवाकर ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दर्शन अत्यंत सहजता और व्यवस्थित तरीके से हुए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं उत्कृष्ट हैं और धाम में साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अहमदाबाद से आई श्रद्धालु माही ने कहा कि धाम पहुंचकर उन्हें अत्यंत सुखद अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि यहां की व्यवस्थाएं उनकी अपेक्षाओं से कहीं बेहतर हैं और प्रशासन हर स्तर पर यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर दिखाई दे रहा है। वहीं अहमदाबाद निवासी कुणाल चावला ने कहा कि इतनी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जिस स्तर की व्यवस्थाएं प्रशासन द्वारा की गई हैं, वह वास्तव में सराहनीय और प्रेरणादायक हैं।
आस्था, सेवा और व्यवस्थाओं का बन रहा संगम
रूद्रप्रयाग।
केदारनाथ यात्रा में उमड़ रही रिकॉर्ड श्रद्धालु संख्या यह दर्शाती है कि बाबा केदार के प्रति भक्तों की आस्था लगातार बढ़ रही है। साथ ही प्रशासन की प्रभावी रणनीति, बेहतर प्रबंधन और सतत निगरानी यात्रा को नई सफलता की ओर ले जा रही है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है।