Aug 13, 2026

राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा से खिलवाड़ नहीं, डीएम ने दिए सख्त निर्देश, तिरंगा सम्मान से फहराएं, उतरने के बाद भी रखें गरिमा का ध्यान: डीएम,

post-img

इधर-उधर बिखरा न मिले तिरंगा, डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश,

 

राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश

रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर जनपद में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में ध्वजारोहण तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ध्वजारोहण कार्यक्रम समाप्त होने के बाद इधर-उधर गिरे या बिखरे छोटे राष्ट्रीय ध्वजों को तत्काल एकत्रित कर स्वच्छ एवं सुरक्षित स्थान पर सम्मानपूर्वक रखा जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का अव्यवस्थित अथवा असम्मानजनक स्थिति में पड़ा रहना उसकी गरिमा के प्रतिकूल है।

उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों, ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों, नगरीय क्षेत्रों के सभी वार्डों तथा सरकारी कार्यालयों में 13 से 15 अगस्त तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाएं। अभियान की अवधि समाप्त होने के अगले दिन सभी ध्वजों को विधिवत उतारकर सम्मानपूर्वक सुरक्षित स्थान पर रखा जाना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारियों, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों तथा जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को अपने-अपने क्षेत्रों में इन निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गरिमा एवं मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कोई भी राष्ट्रीय ध्वज अथवा छोटा ध्वज इधर-उधर बिखरा या असम्मानजनक स्थिति में न मिले।