Aug 13, 2026

भाजपा के चार मंडलों की संयुक्त बैठक में 2027 की चुनावी तैयारियों पर मंथन, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद,

post-img

सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान,

रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी के आगामी विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर संगठन ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में गुलाबराय स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रुद्रप्रयाग नगर, रुद्रप्रयाग ग्रामीण, तल्ला नागपुर एवं खाकरा (बच्छणस्यूं) मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी चुनाव की रणनीति तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने को लेकर व्यापक मंथन किया गया।

बैठक में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

कैबिनेट मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर अभी से पूरी सक्रियता, अनुशासन और समर्पण के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संभव है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए सरकार की उपलब्धियों और संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, बद्री-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार तथा चारों मंडलों के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत, शशि सिंह नेगी, सेन सिंह बिष्ट एवं सुमन बुटोला ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों को बैठक में रखा। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय परिस्थितियों के अनुरूप संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।

बैठक के समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक एकजुटता और सक्रियता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और आगामी चुनाव को लेकर प्रत्येक स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य गंभीर सिंह बिष्ट, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, कनिष्ठ प्रमुख सविता भंडारी सहित चारों मंडलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला कार्यालय मंत्री सुनील नौटियाल ने किया।