रुद्रप्रयाग। जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी की पांच सदस्यीय टीम ने नारायणकोटी स्थित माधव हॉस्पिटल में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में व्यवस्थाएं नियमानुसार एवं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में तहसीलदार ऊखीमठ निशांत कंबोज और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में टीम ने अल्ट्रासाउंड केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र में कार्यरत चिकित्सक की वैधता, अल्ट्रासाउंड मशीन के मेक एवं मॉडल, ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर, फॉर्म-एफ सहित विभिन्न आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केंद्र पर नोटिस बोर्ड के प्रदर्शन, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं संचालन, एक्टिव ट्रैकर की क्रियाशीलता समेत पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत निर्धारित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।
निरीक्षण टीम ने केंद्र संचालक को निर्देश दिए कि अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन पीसीपीएनडीटी अधिनियम के सभी निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप निरंतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखने और नियमानुसार उनका संधारण करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि माधव हॉस्पिटल स्थित उक्त अल्ट्रासाउंड केंद्र का पंजीकरण मई माह के अंतिम सप्ताह में कराया गया था। इसके बाद जनपद में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। इनमें चार केंद्र सरकारी चिकित्सालयों में तथा तीन केंद्र निजी चिकित्सालयों में संचालित हो रहे हैं।
निरीक्षण टीम में जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी के सदस्य पैथोलॉजिस्ट डॉ. मनीष कुमार, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका भट्ट तथा जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवाड़ी शामिल रहे।