पंचकेदार होटल-होमस्टे एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, पर्यटन व स्थानीय रोजगार को मिलेगा नया आयाम,
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। पंचकेदार होटल-होमस्टे एसोसिएशन ने नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन प्रेषित कर ऊखीमठ स्थित प्राचीन ओंकारेश्वर मंदिर को राज्य के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन तथा ऊखीमठ नगर को योग, ध्यान एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किए जाने की मांग उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि भगवान केदारनाथ की शीतकालीन गद्दीस्थली ओंकारेश्वर मंदिर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। इसकी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता इसे विशेष पहचान प्रदान करती है। यदि सरकार यहां विवाह समारोहों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं का विकास कर इसे वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित एवं प्रचारित करे, तो उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है।
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि हिमालय की शांत, प्राकृतिक और आध्यात्मिक वादियों से घिरा ऊखीमठ योग, ध्यान, साधना और आध्यात्मिक गतिविधियों के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थान है। यहां योग एवं मेडिटेशन सेंटर, आध्यात्मिक अध्ययन संस्थान तथा नियमित योग शिविर स्थापित किए जाने से देश-विदेश के साधक आकर्षित होंगे। इससे वर्षभर पर्यटन गतिविधियां संचालित रहेंगी और स्थानीय होटल, होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प तथा अन्य स्वरोजगार से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
ज्ञापन में सरकार से ओंकारेश्वर मंदिर परिसर एवं आसपास पार्किंग, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, पर्यटक सूचना केंद्र तथा डिजिटल प्रचार-प्रसार जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने की मांग की गई है। साथ ही ऊखीमठ को आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़ते हुए विशेष विकास योजना तैयार करने का भी अनुरोध किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण ने कहा कि ऊखीमठ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान पूरे देश में स्थापित है। यदि सरकार इस दिशा में ठोस पहल करती है तो क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धार्मिक पर्यटन और स्थानीय विकास को प्राथमिकता देते हुए इस मांग पर गंभीरता से विचार करेंगे।
पंचकेदार होटल-होमस्टे एसोसिएशन ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार की दूरदर्शी पर्यटन नीति के तहत ओंकारेश्वर मंदिर और ऊखीमठ को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, जिससे केदारघाटी में वर्षभर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और क्षेत्र का समग्र आर्थिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित होगा।
ज्ञापन पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. कैलाश पुष्वाण, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, बलवीर सिंह धर्म्वाण, प्रतिपाल सिंह बजवाल, कुंवरी पुष्वाण, प्रधान पठाली मनवर सिंह नेगी, प्रदीप त्रिवेदी, देवेंद्र सिंह, मीनाक्षी देवी, सुलेखा देवी, प्रियंका देवी, सुनीता देवी, आरती देवी, शिशुपाल सिंह, सुरेश तंगवाण, मयंक कुमार, कर्मवीर कुंवर, रविंद्र रावत सहित मद्महेश्वर एवं तुंगनाथ घाटी के अनेक जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर शामिल हैं।