Jul 31, 2026

ज्ञान का वृक्ष बनेगा हर दान की गई पुस्तक, रुद्रप्रयाग में डीएम की पहल को अफसरों का भरपूर समर्थन,

post-img

एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं' अभियान में अधिकारियों ने भेंट कीं उपयोगी पुस्तकें, 

जिला पुस्तकालय और जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचेगा ज्ञान का खजाना,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अभिनव पहल 'एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं' अभियान जनपद में ज्ञान की नई अलख जगा रहा है। इस जनहितकारी अभियान को प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों का लगातार सकारात्मक सहयोग मिल रहा है। गुरुवार को भी कई अधिकारियों ने अपनी निजी पुस्तकें दान कर इस पहल को मजबूती प्रदान की।

अभियान के तहत उप वन संरक्षक रजत सुमन, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अनिल कुमार पुरोहित, जलागम परियोजना निदेशक आर.पी. सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनोज सेमवाल तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी जिला कलेक्ट्रेट लीला सेमवाल ने विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकें जिला प्रशासन को भेंट कीं। इन पुस्तकों को जिला पुस्तकालय में शामिल करने के साथ ही जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तक भी पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि अभियान को शुरू से ही समाज के सभी वर्गों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि "ज्ञान बांटने से ही बढ़ता है और एक पुस्तक किसी व्यक्ति के जीवन की दिशा बदलने की क्षमता रखती है।" उनका कहना है कि पुस्तक दान केवल किताब देना नहीं, बल्कि किसी के भविष्य को संवारने की एक सार्थक पहल है।

उन्होंने जनपद के शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, युवा वर्ग और सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि पुस्तक दान की संस्कृति विकसित होने से समाज में अध्ययन की आदत मजबूत होगी और ज्ञान का दायरा निरंतर बढ़ेगा। प्रशासन का उद्देश्य जिले के पुस्तकालयों को समृद्ध बनाकर प्रत्येक पाठक तक गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें उपलब्ध कराना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान से जुड़ने, पुस्तक दान करने अथवा इसकी विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति जिला कार्यालय स्थित शिकायत निवारण केंद्र के प्रभारी विनोद कुमार से संपर्क कर सकते हैं।

यह अभियान न केवल पुस्तकों का संग्रह है, बल्कि ज्ञान, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में रुद्रप्रयाग प्रशासन का एक सराहनीय प्रयास बनता जा रहा है।